
राहगीरी एवं ग्रीन पानीपत मिशन टीम ने नवनियुक्त उपायुक्त डॉ. हरिश वशिष्ठ से की शिष्टाचार भेंट, शहर के विकास संबंधी मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
वीरवार को ग्रीन पानीपत मिशन, राहगीरी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नवनियुक्त उपायुक्त पानीपत डॉ. हरिश वशिष्ठ से शिष्टाचार भेंट की। लगभग एक घंटे तक चली इस मुलाकात के दौरान शहर के वर्तमान मुद्दों एवं भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
चर्चा के दौरान राहगीरी, वृक्षारोपण अभियान, प्रदूषण नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता अभियान तथा शहर के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। डॉ. हरिश वशिष्ठ ने पानीपत को अधिक स्वच्छ, हरित और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए अपनी प्राथमिकताओं एवं भावी योजनाओं की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर जिला समन्यवक संदीप जिंदल एडवोकेट ने बताया कि नवनियुक्त उपयुक्त डॉ. वशिष्ठ का सकारात्मक दृष्टिकोण, कार्य के प्रति समर्पण और शहर के विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता अत्यंत प्रेरणादायक है। उनके नेतृत्व में पानीपत विकास और जनभागीदारी के नए आयाम स्थापित करेगा।
मुलाकात के दौरान ग्रीन पानीपत मिशन, राहगीरी एवं अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त महोदय को आश्वस्त किया कि शहर हित में चलाए जाने वाले सभी सामाजिक, पर्यावरणीय एवं जन-जागरूकता अभियानों में वे पूर्ण सहयोग देंगे तथा आगामी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपना शत-प्रतिशत योगदान सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर संदीप जिंदल एडवोकेट, हरिओम तायल, डॉ. हेमा रमन, विवेक कत्याल, सुमित मित्तल, सीए जगदीश धमीजा, तुषार चावला, मनोज सिंगला नादे वाले, सुरेश काबरा,दिनेश बंसल,काकू अग्रवाल सहित प्रमुख संस्थायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।