फर्जी शपथ पत्र से प्लॉट अपने नाम कराने वाला आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा में फर्जी और कूटरचित शपथ पत्र तैयार कर प्लॉट अपने नाम कराने के मामले में सूरजपुर पुलिस ने वांछित आरोपी सेलकराम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी द्वारा आवंटित 1640 वर्गमीटर के भूखंड के आवंटन को फर्जी तरीके से अपने नाम कराने का आरोप है।
मामले में 11 जून 2026 को थाना सूरजपुर में सेलकराम समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और फर्जी दस्तावेज के इस्तेमाल सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने 21 अगस्त को आरोपी सेलकराम को घंटा गोलचक्कर से गिरफ्तार किया।
आरोपी की उम्र 58 वर्ष बताई गई है और वह ग्राम बिरौंडी, थाना सूरजपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।