
बीआईटी गीडा में एनसीसी की दस्तक, 107 छात्रों को मिलेगा देशसेवा का प्रशिक्षण
गोरखपुर। बुद्धा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी), गीडा के छात्रों के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। संस्थान में अब व्यावसायिक शिक्षा के साथ एनसीसी प्रशिक्षण भी उपलब्ध होगा। 44 यूपी बटालियन एनसीसी गोरखपुर के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी ने बीआईटी में एनसीसी इकाई स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की है।
एनसीसी इकाई के माध्यम से हर वर्ष 107 छात्र प्रशिक्षण लेकर एनसीसी प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेंगे। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशसेवा की भावना विकसित करने के साथ उन्हें जनसेवा, आपदा प्रबंधन और सामुदायिक सेवा जैसे क्षेत्रों से भी जोड़ा जाएगा।
संस्थान के चेयरमैन डॉ. आर.ए. अग्रवाल एवं सचिव डॉ. रजत अग्रवाल ने कहा कि एनसीसी युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इकाई की स्थापना में बुद्धा महानिदेशक प्रो. डॉ. गोविन्द पांडेय और बुद्धा पॉलीटेक्निक संस्थान के प्राचार्य अभिनव श्रीवास्तव की अहम भूमिका रही।
इस अवसर पर निदेशक प्रशासन दीपक अग्रवाल सहित संस्थान के निदेशकगण, विभागाध्यक्ष, अधिष्ठाता एवं शिक्षक उपस्थित रहे।