बिहार के गोपालगंज की एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मंगलवार को विशेष निगरानी इकाई (SVU) की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में उनके कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई पटना, गोपालगंज और रोहतास में की गई। निगरानी टीम ने एसडीएम के सरकारी आवास और कार्यालय में पहुंचकर जरूरी दस्तावेजों की जांच की। वहीं, उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के ठिकानों पर भी तलाशी ली गई। रितेश कुमार पथ निर्माण विभाग में इंजीनियर हैं। टीम बैंक खातों, संपत्ति के कागजात और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। फिलहाल निगरानी विभाग की जांच जारी है और छापेमारी में बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।