
धनबाद उपायुक्त के निर्देश पर जनता दरबार में त्वरित कार्रवाई सीमा देवी और किरण देवी की रुकी पेंशन प्रक्रिया पूरी, दोनों लाभुकों ने जताया आभार
जिला समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त की संवेदनशीलता और तत्परता का प्रत्यक्ष उदाहरण देखने को मिला। भूली क्षेत्र की दो जरूरतमंद महिलाओं की लंबे समय से लंबित पेंशन समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उपायुक्त महोदय ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करवाई, जिसके उपरांत दोनों लाभुकों का कार्य निष्पादित हो गया।
जनता दरबार में भूली 'डी' ब्लॉक (सेक्टर-5) निवासी सीमा देवी ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उन्हें विगत 9 महीनों से विधवा पेंशन की राशि प्राप्त नहीं हो रही थी। प्रखंड कार्यालय स्तर पर पूर्व में आवेदन देने के उपरांत भी निवारण न होने के कारण वे निरंतर आर्थिक संकट झेल रही थीं। वहीं, भूली निवासी वृद्ध महिला किरण देवी ने आवेदन देकर विगत 6 महीनों से वृद्धावस्था पेंशन बाधित होने की व्यथा रखी।
दोनों मामलों को अत्यंत गंभीरता व मानवीय दृष्टिकोण से सुनते हुए उपायुक्त महोदय ने संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल तकनीकी एवं प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने तथा पेंशन बहाली सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया। उपायुक्त के स्पष्ट निर्देश के उपरांत प्रशासनिक स्तर पर त्वरित पहल करते हुए दोनों लाभुकों की पेंशन से संबंधित कार्यवाही संपन्न कराई गई। पेंशन की अगली राशि की भुगतान के वक्त इनकी पेंशन की राशि खाते में आनी शुरू हो जाएगी।