
अजमेर: कृष्णागंज थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7500-7500 रुपये के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार
अजमेर। कृष्णागंज थाना पुलिस ने 29 अगस्त को शिवाजी चौराहा स्थित 200 फीट बाईपास पर हुई गंभीर मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों पर 7,500-7,500 रुपये का इनाम घोषित था।
जिला पुलिस अधीक्षक अजमेर के निर्देश पर कृष्णागंज थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से रामनिवास उर्फ रमेश गुर्जर निवासी बढ़तापुर तथा जयपालसिंह उर्फ जेपी निवासी बढ़तापुर को बाड़ीघाटी, जिला नागौर से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक 29 अगस्त 2026 को परिवादी साहिल गठीला उर्फ सन्नी पुत्र रामदेव गुर्जर, निवासी ग्राम कायड़, थाना गेगल, अजमेर ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच शिवाजी चौराहा 200 फीट बाईपास पर आरोपियों ने उसके पिता की कार को टक्कर मारने के बाद उनके साथ मारपीट की तथा जानलेवा हमला किया। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए जेएलएन अस्पताल अजमेर में भर्ती कराया गया।
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था। पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी गिरफ्तारी के डर से अपने घरों से फरार हो गए थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
पुलिस ने बताया कि विशेष टीम को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों का पता लगाया गया और नागौर जिले से गिरफ्तार किया गया। मामले में पुलिस पूर्व में कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पूछताछ में कायड़ रोड थाना गेगल क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी ऑफिस में घुसकर मारपीट और चोरी की घटना को भी स्वीकार किया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे अनुसंधान किया जा रहा है।
Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Sep 27, 2026