
27 को बखोरापुर काली मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
बड़हरा।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 27 जुलाई को बखोरापुर स्थित प्रसिद्ध मां काली मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। मंदिर ट्रस्ट की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री का आगमन दिन के करीब 11 बजे होने की संभावना है। उनके कार्यक्रम की सूचना शनिवार को भोजपुर जिला प्रशासन को प्राप्त हुई है।
पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर ट्रस्ट की ओर से स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारी की जा रही है। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं होटल मौर्या, पटना के कार्यकारी निदेशक के नेतृत्व में तैयारियां शुरू की गई हैं। वहीं, होटल गायत्री के एमडी अजीत सिंह और संरचना इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड, पटना के निदेशक सुशील सिंह आगंतुक अतिथियों के आतिथ्य की तैयारी में जुटे हैं।
ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि पूर्व मुख्यमंत्री के साथ हरेंद्र सिंह भी मौजूद रहेंगे। उनके स्वागत के लिए ट्रस्ट के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में मां काली के भक्तों के उपस्थित रहने की संभावना है। इस संबंध में जानकारी ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक सुनील सिंह गोपाल और मीडिया प्रभारी अखिलेश बाबा ने दी।