
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पांवटा साहिब इकाई ने 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर किया संगोष्ठी का आयोजन
======
पांवटा साहिब: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, पांवटा साहिब इकाई द्वारा परिषद के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर "छात्र शक्ति – राष्ट्र शक्ति" विषय पर प्रेरणादायी संगोष्ठी तथा मिष्ठान वितरण कार्यक्रम का आयोजन सरस्वती विद्या मंदिर, पांवटा साहिब में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इकाई अध्यक्ष मनीष समटा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए स्वागत भाषण दिया। उन्होंने परिषद की गौरवशाली परंपरा, छात्रहित के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता तथा राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुकेश समराण तथा विशिष्ट अतिथि सचिन सपटा विभाग संगठन मंत्री, कुल्लू विभाग रहे। दोनों अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि "छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है।" उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे शिक्षा, संस्कार, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
सचिन सपटा ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की 78 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि परिषद ने सदैव छात्रहित, शिक्षा की गुणवत्ता, राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक समरसता एवं सेवा कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। परिषद का उद्देश्य ऐसे राष्ट्रनिष्ठ, चरित्रवान, संस्कारित एवं नेतृत्वक्षम युवाओं का निर्माण करना है, जो समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माता बन सकें।
संगोष्ठी के उपरांत परिषद के स्थापना दिवस की खुशी में विद्यार्थियों एवं उपस्थित सभी अतिथियों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में इकाई मंत्री अनिकेत भंडारी ने धन्यवाद भाषण करते हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद प्रकट किया।