
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल का सख्त संदेश: नियम टूटे तो बख्शे नहीं जाएंगे, 43 धार्मिक स्थलों से हटवाए लाउडस्पीकर
देहरादून। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू कराने के लिए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर दून पुलिस ने पूरे जनपद में विशेष अभियान चलाकर बड़ा एक्शन लिया। पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया और निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज तथा बिना निर्धारित मानकों के संचालित हो रहे 43 लाउडस्पीकर मौके पर ही हटवा दिए।
एसएसपी के स्पष्ट निर्देश हैं कि कानून सभी के लिए समान है और ध्वनि प्रदूषण के नाम पर किसी को भी नियमों की अनदेखी की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभियान के दौरान संबंधित संस्थानों और संचालकों को अंतिम चेतावनी देते हुए साफ कहा गया कि भविष्य में बिना सक्षम अनुमति अथवा तय मानकों का उल्लंघन कर लाउडस्पीकर संचालित किए गए तो सीधे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दून पुलिस ने दोहराया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश, ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम तथा शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। जनपद में कानून व्यवस्था, सार्वजनिक शांति और आमजन के अधिकारों से समझौता नहीं होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।