
डेढ़ महीने से अंधेरे में आधा पांगी: ग्रामीणों ने व्यंग्यात्मक अंदाज में विद्युत विभाग और सरकार का किया 'धन्यवाद'
पांगी घाटी, चंबा।
जनजातीय क्षेत्र पांगी की साच, साहली, मिन्धल, फिन्डरू, शूण, सेचू, पूर्थी, शौर, रेई, कुमार और करयूनी पंचायतों के लोगों ने लंबे समय से जारी विद्युत संकट को लेकर अनोखे अंदाज में अपना रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने कटाक्ष करते हुए विद्युत विभाग, पांगी प्रशासन और हिमाचल प्रदेश सरकार का "धन्यवाद" किया है कि उन्होंने आधे पांगी क्षेत्र को पिछले डेढ़ महीने से अंधेरे में रहने पर मजबूर कर दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि 5 मई को साच घराट पावर हाउस में तकनीकी खराबी आने के बाद से इन पंचायतों में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। डेढ़ महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है, जिससे हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में 11 केवी थिरोट लाइन से बिजली आपूर्ति की उम्मीद थी, लेकिन सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते यह लाइन भी अधिकांश समय बंद रहती है। इसके कारण लोगों को नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है।
वहीं, धनवास सोलर प्लांट पिछले पांच दिनों से टेस्टिंग मोड में संचालित किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि परीक्षण के नाम पर भी प्रभावित पंचायतों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं करवाई जा रही। उनका कहना है कि पिछले तीन दिनों में उन्हें मात्र कुछ मिनटों के लिए ही बिजली मिली, जो समस्या के समाधान के बजाय लोगों की परेशानी बढ़ाने का काम कर रही है।
ग्रामीणों ने व्यंग्य करते हुए कहा कि विभाग ने बिजली संकट के समाधान के बजाय लोगों को अंधेरे में रहने की आदत डालने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में जब बिजली जीवन की मूलभूत आवश्यकता बन चुकी है, तब इतने लंबे समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
लोगों ने सरकार और संबंधित विभागों से मांग की है कि साच घराट पावर हाउस की मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए तथा प्रभावित पंचायतों को नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो क्षेत्र के लोग आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।
#PangiValley #PowerCrisis #ElectricityIssue #HimachalPradesh #ChambaNews #PangiNews #RuralIndia #PowerOutage #BRO #SolarPlant #PublicIssue #TribalArea #HimachalNews #InfrastructureCrisis #LocalVoices #HimSandesh #PangiDevelopment #ElectricityDepartment #BreakingNews #IndiaNews हिम संदेश Pangi Administration Sukhvinder Singh Sukhu Janak Raj Jagat Singh Negi Veer Singh Rana Lalit Thakur Shiv Suryavanshi Adv Surjeet Sharma Bharmouri
Saach, Chamba | Jun 20, 2026