
चार दिवसीय तृतीय हजारीबाग सुनील सिन्हा मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ विधायक प्रदीप प्रसाद ने किया।
हजारीबाग डिस्ट्रिक्ट राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित चार दिवसीय तृतीय हजारीबाग सुनील सिन्हा मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ शनिवार को सदर विधायक श्री प्रदीप प्रसाद ने किया। इस अवसर पर उन्होंने निशाना लगाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया तथा प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में विधायक श्री प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग के खिलाड़ियों ने शूटिंग के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित की है। जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल बेहतर संसाधनों और सुविधाओं की है। उन्होंने कहा कि शूटिंग खेल के विकास एवं खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अपने विधायक मद उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि संसाधनों की कमी खिलाड़ियों की प्रगति में बाधक नहीं बनने दी जाएगी।
विधायक श्री प्रसाद ने कहा कि 25 मीटर एवं 50 मीटर शूटिंग रेंज के लिए भूमि उपलब्ध कराने को लेकर उपायुक्त हजारीबाग से अनुरोध किया जाएगा। साथ ही राज्यसभा सांसद श्री परिमल नाथवानी से भी आग्रह किया जाएगा कि हजारीबाग के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए आधुनिक शूटिंग अवसंरचना विकसित करने में सहयोग प्रदान करें, ताकि यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम में विषय प्रवेश कराते हुए हजारीबाग डिस्ट्रिक्ट राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री राकेश रंजन ने कहा कि राज्य के पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं एसोसिएशन के संस्थापक संरक्षक श्री ए.के. सिंह ने दो दशक पूर्व स्वयं पहल कर हजारीबाग में शूटिंग खेल की नींव रखी थी। उन्होंने बताया कि उस समय इस अभियान से जुड़े प्रमुख लोगों में स्वर्गीय सुनील सिन्हा भी शामिल थे। उनके नाम पर आयोजित यह प्रतियोगिता उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
एसोसिएशन के महासचिव श्री नीलेन्दु जयपुरियार ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से एसोसिएशन अपने सीमित संसाधनों के बावजूद शूटिंग खेल को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को 25 मीटर एवं 50 मीटर शूटिंग अभ्यास के लिए रांची, धनबाद एवं अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है। विधायक द्वारा की गई सहायता की घोषणा से खिलाड़ियों को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों एवं खिलाड़ियों ने समाजसेवी स्वर्गीय सुनील सिन्हा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का संचालन श्री अजय कुमार सिंह (बबलू सिंह) ने किया। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी श्री कैलाश राम, श्री शेखर कुमार, स्वर्गीय सुनील सिन्हा की धर्मपत्नी श्रीमती संगीता सिन्हा, पुत्र संगीत सोनल, सुदीप्त सफल, जयश्री, श्री विनय प्रसाद, श्रीमती रीना देवी, आदित्य शरद, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री विवेकानंद सिंह, प्रो. सुरेंद्र सिन्हा, श्री अशोक यादव, श्री मंजीत सिंह, श्री दीना यादव, श्री सत्यरंजन सिन्हा, भैया मुरारी सहित एसोसिएशन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
प्रतियोगिता का संचालन रांची से आए जूरी एवं शूटिंग कोच श्री रंजन कुमार तथा श्री राहुल कुमार यादव के मार्गदर्शन में प्रारंभ हुआ। एसोसिएशन के कोच एवं शूटर रिद्धि गुप्ता तथा रोहित सिंह प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग कर रहे हैं।
चार दिवसीय यह चैंपियनशिप 23 जून को सम्मान समारोह एवं पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न होगी।