
राम मंदिर चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार; दानपेटी की पूरी रकम बरामद
50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से हुई पहचान, पुलिस ने कुछ ही दिनों में सुलझाया मामला
देवास। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए रामचंद्र नगर स्थित राम मंदिर में हुई दानपेटी चोरी का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गई दानपेटी से निकाली गई पूरी नकदी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को रामचंद्र नगर स्थित राम मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश जोशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1-2 जुलाई की रात अज्ञात बदमाश मंदिर की दानपेटी चोरी कर ले गए। दानपेटी में करीब दो हजार रुपये नकद रखे थे। मामले में थाना औद्योगिक क्षेत्र में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत क्षेत्र में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसी दौरान चोरी की दानपेटी आईटीआई ग्राउंड में टूटी हुई अवस्था में मिली। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर तीन संदिग्धों की पहचान की गई।
पुलिस ने मोहित उर्फ लक्की रघुवंशी (18), खुशाल उर्फ खुशी मुकुन्दे (18) और तोषिफ खान (19) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से दानपेटी से चोरी गई पूरी राशि बरामद कर ली गई। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।