
पलिया में 20 लाख की ब्राउन शुगर और अल्प्राजोलम पाउडर बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
पलियाकलां-खीरी। थाना पलिया पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 107.26 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) और 147.25 ग्राम अल्प्राजोलम पाउडर बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 13 सितंबर 2026 की रात पलिया क्षेत्र में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पियूष मिश्रा उर्फ पहाड़ी, निवासी मोहल्ला किसान-2, कस्बा व थाना पलिया, उम्र 21 वर्ष, तथा छोटे उर्फ भरुआ, निवासी थारू पुरवा, कस्बा व थाना पलिया, उम्र 20 वर्ष, के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि पियूष मिश्रा के कब्जे से 54.40 ग्राम ब्राउन शुगर और 75.90 ग्राम अल्प्राजोलम पाउडर, जबकि छोटे उर्फ भरुआ के पास से 52.86 ग्राम ब्राउन शुगर और 71.35 ग्राम अल्प्राजोलम पाउडर बरामद किया गया।
बरामदगी के आधार पर थाना पलिया में मुकदमा अपराध संख्या 274/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी पलिया के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक पलिया शिवा जी दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस टीम में शामिल रहे: वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामजीत यादव, उपनिरीक्षक झारिया सिंह, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल अतुल त्रिपाठी, सुनील कुमार रावत, राजीव यादव और अंकित शर्मा। #followers #highlights