
#बालाघाट
बिरसा-बैहर के 57 ग्रामों में स्वास्थ्य विभाग का सघन अभियान जारी
713 में से 689 बच्चे स्वस्थ होकर लौटे घर, आज 08 को डिस्चार्ज किया गया
जिले के बिरसा एवं बैहर विकासखंड के 57 ग्रामों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सर्दी-खांसी, बुखार, चर्मरोग, मीजल्स, स्कैबीज एवं मलेरिया सहित अन्य बीमारियों से प्रभावित लोगों की जांच एवं उपचार किया जा रहा है।
02 अक्टूबर तक 47,260 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। जांच के दौरान सर्दी-खांसी एवं बुखार के 6,066, मलेरिया के 1,078, दाने के साथ बुखार के 493 तथा चर्मरोग के 255 मरीज चिन्हित किए गए। कुल 7,892 मरीजों में से 7,179 का उपचार घर पर किया गया, जबकि 713 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से उपचार के बाद 689 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं और 24 मरीजों का उपचार जारी हैं। 02 अक्टूबर को एहतियात के तौर पर 04 नये मरीज भर्ती किये गए और 08 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा सर्वे के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अब तक 1,432 बच्चों को विटामिन ए की खुराक, ओआरएस एवं जिंक टैबलेट वितरित की गई हैं। वहीं 1,327 बच्चों को आयरन सिरप तथा 1,241 बच्चों को अल्बेंडाजोल की टैबलेट खिलाई गई है। इसके साथ ही अब तक कुल 899 टीकाकरण सत्र आयोजित कर 40,786 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है।
मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। आज 72 ग्रामों के 8,779 मकानों में कीटनाशक का छिड़काव किया गया। इसके अलावा 45 ग्रामों के 8,653 घरों में इनडोर एवं आउटडोर फॉगिंग कराई गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें 57 ग्रामों में लगातार घर-घर सर्वे, स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, टीकाकरण और मच्छर नियंत्रण गतिविधियां संचालित कर रही हैं। विभाग द्वारा बच्चों एवं ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#WelfareTribal
#healthminmp