
बीते दिनों पुलिसभर्ती अभ्यर्थियों से अभद्रता करने वाले ARM कमल किशोर आर्य को किया गया लखनऊ अटैच (सम्बद्ध)
उरई/जालौन: हाल ही में उरई रोडवेज बस स्टैंड पर पुलिसभर्ती परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के साथ ARM द्वारा गाली गलौज कर अभद्र व्यवहार करने का एक वीडियो वायरल हुआ था। अब इस मामले में परिवहन निगम ने कार्रवाई की है। जिलाधिकारी जालौन की ओर से भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर कमल किशोर आर्य जो कि उरई डिपो (झांसी क्षेत्र) में यातायात अधीक्षक एवं प्रभारी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (ARM) के पद पर कार्यरत थे, अब उन्हें अग्रिम आदेशों तक लखनऊ मुख्यालय से सम्बद्ध कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, उन्हें प्रधान प्रबंधक (संचालन), परिवहन निगम मुख्यालय, लखनऊ से अटैच किया गया है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि कमल किशोर आर्य तत्काल आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करें और इसकी आख्या अधोहस्ताक्षरी को प्रस्तुत करें।
आदेश जारी होने के बाद लोग इस कार्रवाई को पुलिसभर्ती अभ्यर्थियों के साथ अभद्र व्यवहार के मामले में प्रशासन की सख्ती के रूप में देख रहे हैं। लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस कार्रवाई पर जिला प्रशासन को धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
Orai, Jalaun | Jun 12, 2026