
सरस्वती देवी महिला महाविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया सावन महोत्सव
निचलौल। सरस्वती देवी महिला महाविद्यालय में सावन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने पारंपरिक कजरी गायन, लोकगीत, शिव स्तुति एवं शिव तांडव सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरस्वती ग्रुप ऑफ कॉलेज के उप प्रबंध निदेशक आदित्य सिंह ने लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोक संस्कृति हमारी पहचान और विरासत है। इसके संरक्षण के लिए महाविद्यालयों में इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए।
महाविद्यालय के प्राचार्य श्याम बिहारी अग्रवाल ने कहा कि लोक संस्कृति हमारी अमूल्य विरासत है। यह परिवार, समाज और राष्ट्र को एक सूत्र में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वहीं उप प्राचार्य सत्येंद्र गुप्ता ने कहा कि नई पीढ़ी धीरे-धीरे पारंपरिक संस्कृति से दूर होती जा रही है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से छात्राओं को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे अपनी संस्कृति को अपनाने के साथ उसके संरक्षण और संवर्धन में भी योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। इस अवसर पर प्राचार्य श्याम बिहारी अग्रवाल, उप प्राचार्य सत्येंद्र गुप्ता, डिंपल पटेल, रामकेश चौधरी, डॉ. आनंद मिश्र, मानवेंद्र त्रिपाठी, तानिया जायसवाल, प्रतिभा, साक्षी त्रिपाठी, श्वेता, मृदुल, दिनेश, साहनी, उमेश प्रजापति, डॉ. वीरेंद्र सिंह, रुक्मणी श्रीवास्तव, अनिरुद्ध, योगेश, विवेक, राज, अमेरिका यादव सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।