साइबर डेटा लीक मामले पर भारतीय स्टेट बैंक का स्पष्टीकरण: "ग्राहकों के खाते व जमा राशि पूरी तरह सुरक्षित"
विशेष संवाददाता :- लालबहादुर भाखर:-
नई दिल्ली / स्थानीय डेस्क:
हाल ही में सामने आई साइबर डेटा लीक संबंधी घटना को लेकर देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की है। बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि उनके बैंक खातों में जमा राशि पूरी तरह सुरक्षित है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
बैंक द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस डेटा सेंधमारी से बेहद सीमित संख्या में ग्राहक ही प्रभावित हुए हैं। बैंक ने स्पष्ट किया है कि इस घटना का बैंक के मुख्य आईटी ढांचे, दैनिक व्यावसायिक परिचालन, वित्तीय प्रदर्शन या सेवाओं की निरंतरता पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है।
भारतीय स्टेट बैंक ने कहा कि ग्राहकों की वित्तीय संपत्तियों, व्यक्तिगत डेटा और उनके विश्वास की रक्षा करना बैंक की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैंक अपने मूल्यवान ग्राहकों के हितों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक और तकनीकी कदम उठा रहा है।