
SHO सस्पेंड, जेल में बंद अपराधी से WhatsApp चैट और रिश्वत के आरोप; पुलिस महकमे में हड़कंप...
मोतिहारी। पुलिस विभाग पर एक बार फिर सवाल उठे हैं। चंपारण रेंज के डीआईजी ने लखौरा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार को निलंबित कर दिया है। उन पर जेल में बंद एक कुख्यात अपराधी से कथित संपर्क, व्हाट्सएप चैट, महंगे गिफ्ट लेने और केस में मदद के बदले रिश्वत मांगने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, जेल में बंद अपराधी राहुल सिंह के एक रिश्तेदार ने डीआईजी को शिकायत सौंपते हुए व्हाट्सएप चैट, तस्वीरें और अन्य डिजिटल साक्ष्य उपलब्ध कराए थे। प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। हालांकि मामले की विस्तृत विभागीय जांच अभी जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब डिजिटल रिकॉर्ड, मोबाइल डेटा और संभावित वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में आरोप पूरी तरह सही साबित होते हैं, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में मोतिहारी पुलिस पहले से ही एक अन्य चर्चित मामले को लेकर सुर्खियों में रही है। ऐसे में यह नई कार्रवाई पुलिस विभाग की कार्यशैली और जवाबदेही को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है।