
पहली बारिश में खुली जिला प्रशासन की तैयारियों की पोल, मध्य विद्यालय हसनपुर बना जलाशय
लखीसराय। जिले में हुई पहली ही बारिश ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है। जिला मुख्यालय के समीप स्थित मध्य विद्यालय हसनपुर एक बार फिर जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। यह समस्या वर्षों पुरानी होने के बावजूद आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा सका है।
विद्यालय परिसर और उसके आसपास बारिश का पानी भर जाने से पठन-पाठन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि आसपास के नालों का गंदा पानी और विद्यालय परिसर स्थित शौचालय के सेप्टिक टैंक का पानी व मल भी परिसर में फैल गया है। इससे विद्यालय में दुर्गंध का माहौल बना हुआ है और छात्रों व शिक्षकों के स्वास्थ्य पर संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति उत्पन्न होती है। पिछले वर्ष भी जलजमाव से परेशान छात्रों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय परिसर में मिट्टी भराई कराई थी, लेकिन यह व्यवस्था पहली ही बारिश में बेअसर साबित हुई।
पहली बारिश के बाद ही विद्यालय जाने वाले मुख्य मार्ग पर घुटने से ऊपर तक पानी भर गया है, जिससे छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आसपास के अधिकांश नालों का पानी भी इसी विद्यालय परिसर की ओर मोड़ दिया जाता है, जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है।
अभिभावकों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से विद्यालय परिसर में स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने, नालों का उचित निर्माण कराने तथा छात्रों के सुरक्षित आवागमन और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।