
बहराइच में साइबर अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्यवाही।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन CyVajra' के तहत बहराइच पुलिस ने 13 शातिर साइबर अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट की बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
बहराइच के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) दुर्गा प्रसाद तिवारी तथा क्षेत्राधिकारी (नगर) नारायण दत्त मिश्र के पर्यवेक्षण में गठित संयुक्त पुलिस टीम को यह बड़ी सफलता मिली है।
यह गिरोह संगठित होकर बैंक खातों और एटीएम कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल कर आम जनता और बेरोजगारों से ठगी करता था।
पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट के अनुमोदन के बाद थाना दरगाह शरीफ में मु0अ0सं0 406/2026, धारा 3(1) यूपी गैंगस्टर अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया था।
गिरफ्तार किए गए 7 अभियुक्तों में मो0 आमिर ,रामजी यादव , फहीम , साहिल बेग, सत्येन्द्र कुमार चौहान और संतोष सिंह शामिल हैं। इन सभी अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं और IT Act की धारा 66D के तहत साइबर अपराध के विभिन्न मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस टीम की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से जिले के साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार सभी 7 अभियुक्तों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर माननीय न्यायालय बहराइच के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।