
किन्नर का भेष बनाकर लूट करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार
देवास। देवास जिले की खातेगांव और कन्नौद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए किन्नर का भेष बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त दो कारें और दो धारदार हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद के निर्देश पर चोरी, लूट और डकैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। 2 जुलाई को कन्नौद पुलिस ने ननासा सर्विस रोड पर डकैती की योजना बना रहे पांच बदमाशों को हथियार और एक अल्टो कार सहित गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान इनका संबंध खातेगांव क्षेत्र में हुई लूट की घटना से भी जुड़ा मिला।
जांच में सामने आया कि 19 जून को आरोपियों ने किन्नर का भेष धारण कर एक स्विफ्ट डिजायर कार से ग्राम बरबईखेड़ा निवासी कुलदीप जाट के घर पहुंचकर उसे विश्वास में लिया और बाद में चाकू की नोक पर करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूट लिए। आरोपियों के डर के कारण पीड़ित ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी सोनू उर्फ सुनील नाथ को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई। बाद में पता चला कि उसके पांच साथी पहले से ही कन्नौद के एक अन्य मामले में उप जेल में बंद हैं। प्रोडक्शन वारंट पर उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें सभी ने लूट की वारदात कबूल कर ली।
आरोपियों के कब्जे से दो सोने की मालाएं, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, स्विफ्ट डिजायर और अल्टो कार तथा दो धारदार हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी किन्नर का भेष धारण कर लोगों का विश्वास जीतते थे और फिर घरों या सुनसान स्थानों पर चाकू दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। मामले में आगे की जांच जारी है।