
नूँह जिले के शिक्षक डॉ. दीपक राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान से सम्मानित
नूँह। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, रचनात्मकता और निरंतर सक्रिय सहभागिता के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय रोजका मेव के शिक्षक डॉ. दीपक को राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। शिक्षा सागर फाउंडेशन, भारत द्वारा 27 सितंबर को कुरुक्षेत्र में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक संगोष्ठी एवं राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान समारोह-2026 में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में देश के 26 राज्यों से लगभग 200 शिक्षक एवं शिक्षाविदों ने सहभागिता की।
डॉ. दीपक शिक्षा के क्षेत्र में अध्यापन के साथ-साथ नवाचार, बालगीत लेखन, प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और शैक्षिक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय रहे हैं। इससे पूर्व वे पूर्वी दिल्ली नगर निगम (दक्षिणी क्षेत्र) शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित विज्ञान आधारित स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता में सम्मानित हो चुके हैं। निपुण हरियाणा मिशन के तहत बालगीत लेखन के लिए उन्हें जिला स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ है। शिक्षा सागर फाउंडेशन, राजस्थान द्वारा भी उन्हें राष्ट्रीय स्तर के नवाचारी शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त SCERT हरियाणा द्वारा दीक्षा ई-कंटेंट रिव्यू के लिए भी उन्हें सम्मानित किया गया है।
डॉ. दीपक ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा निपुण हरियाणा के अंतर्गत आयोजित कार्यशालाओं में मास्टर ट्रेनर तथा KRP ट्रेनिंग में स्टेट ट्रेनिंग ग्रुप (STG) सदस्य के रूप में सहभागिता की है.
डॉ. दीपक की पहचान शिक्षा के साथ-साथ साहित्य के क्षेत्र में भी है। साहित्य जगत में वे डॉ. दीपक मेवाती के नाम से जाने जाते हैं। उनकी अब तक पाँच पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं और साहित्यिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय सहभागिता रहती है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न कार्यशालाओं में सहभागिता के साथ वे अखिल भारतीय साहित्य परिषद, हरियाणा प्रांत के 22वें अधिवेशन में भी सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। साहित्य के क्षेत्र में उन्हें विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
डॉ. दीपक को राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान मिलने पर विद्यालय की मुख्य अध्यापिका डॉ. ऋतु सहगल ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि दीपक जी विद्यालय के साथ-साथ नूँह जिले में होने वाले कार्यक्रमों में सहभागी रहते हैं. हमारे लिए ये गर्व का विषय है कि डॉ. दीपक को राष्ट्रीय स्तर पर नवाचारी शिक्षक सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया है.