
माय भारत पोर्टल पर चल रहा है देशव्यापी युवा पंजीकरण अभियान
युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत (MY Bharat), सीहोर द्वारा जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए 01 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक विशेष युवा पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को एक साझा डिजिटल मंच पर जोड़कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। माय भारत पोर्टल न केवल एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, बल्कि यह देश के युवाओं की आकांक्षाओं को साकार करने, उनके कौशल को विकसित करने तथा उन्हें विभिन्न अवसरों से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम भी है।
माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं को अनुभवात्मक अधिगम, नेतृत्व विकास एवं मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस पोर्टल से युवा सरकारी विभागों, गैर-सरकारी संगठनों तथा अन्य संस्थानों के साथ जुड़कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकते हैं और अपने व्यक्तित्व तथा नेतृत्व क्षमता को निखार सकते हैं। इसके साथ ही डिजिटल माध्यम से युवाओं को विभिन्न गतिविधियों एवं अवसरों तक त्वरित पहुंच प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपने भविष्य की दिशा को और अधिक सशक्त बना सकें.
माय भारत सीहोर द्वारा युवाओं को विभिन्न राष्ट्रीय पहलों से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया जा रहा है। इनमें VBYLD के अंतर्गत नेतृत्व, खेल, लेखन, चित्रकला, कविता, भाषण और सांस्कृतिक गतिविधियों जैसे क्षेत्रों में सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी प्रकार VYVP के अंतर्गत युवाओं को देशभर में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों, सामुदायिक विकास, सहयोग और साझा सीख के अवसरों से जोड़ा जा रहा है। इन पहलों के माध्यम से युवाओं में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।
जिले के सभी युवाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कर इस अभियान का लाभ उठाएं तथा विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है और इस अभियान के माध्यम से युवाओं को एक सशक्त, सक्षम और जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार किया जा रहा है.
माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया सरल और पूरी तरह निःशुल्क है। इच्छुक युवा अपने मोबाइल या कंप्यूटर पर mybharat.gov.in वेबसाइट खोलकर अथवा MY Bharat ऐप डाउनलोड कर ‘Get Started’ विकल्प के माध्यम से मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी द्वारा लॉग-इन कर सकते हैं। इसके बाद मांगी गई सामान्य जानकारी, जैसे नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता, जिला आदि भरकर अपना प्रोफाइल पूरा किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय माय युवा भारत, सीहोर से संपर्क किया जा सकता है।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore