
खेत से घर लौट रहे किसान की गोली मारकर हत्या मामले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; हत्या में प्रयुक्त बाइक बरामद।
रानीगंज। बौंसी थाना क्षेत्र के मझुवा पूरब पंचायत अंतर्गत लकुनवा वार्ड संख्या-06 में खेत से घर लौट रहे किसान रंजीत कुमार शर्मा उर्फ शंकर शर्मा की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। घटना के करीब एक महीने बाद पुलिस ने हत्याकांड में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। वहीं, हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।मालूम हो कि बीते 8 अक्टूबर 2026 को गुरुवार की देर शाम करीब सात बजे रंजीत शर्मा (35 वर्ष), पिता नंदू शर्मा, खेत में काम करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान लकुनमा नहर फाटक के समीप पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोककर सीने में गोली मार दी थी। गोली लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें मोटरसाइकिल से इलाज के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया था।घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही बौंसी थानाध्यक्ष कुन्दन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। इस संबंध में दर्ज फर्दबयान के आधार पर बौंसी थाना कांड संख्या-190/26 दर्ज कर पुलिस अनुसंधान में जुट गई थी।मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस ने मानवीय सूचना के साथ वैज्ञानिक अनुसंधान का सहारा लिया। सीडीआर एवं टावर डंप डाटा का विश्लेषण करते हुए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रानीगंज थाना क्षेत्र के मधुलता विशनपुर निवासी निर्मल कुमार, पिता देवानंद मेहता तथा बौंसी थाना क्षेत्र के लकुनवा वार्ड संख्या-06 निवासी योगेन्द्र शर्मा उर्फ रुदल शर्मा, पिता स्वर्गीय फनी शर्मा के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।इस कार्रवाई में बौंसी थानाध्यक्ष सह अनुसंधानकर्ता पु०अ०नि० कुन्दन कुमार, पु०अ०नि० विमलेश कुमार पाण्डेय, परि०पु०अ०नि० सुदर्शन शर्मा, डीआईयू टीम अररिया एवं सशस्त्र बल शामिल थे।