
गन्ने के खेत में मिला 35 वर्षीय युवक का नर कंकाल, बाघ के हमले की आशंका; जांच में जुटे वन विभाग व पुलिस
लखीमपुर खीरी। दक्षिण खीरी वन प्रभाग की महेशपुर वन रेंज अंतर्गत ग्राम झाऊपुर में शनिवार सुबह गन्ने के खेत में एक युवक का नर कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
मृतक की पहचान थाना हैदराबाद क्षेत्र के तुलमेलगंज निवासी 35 वर्षीय अनिल पुत्र जुगुल किशोर उर्फ पंडा के रूप में हुई। परिजनों ने मौके पर मिले कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त की।
प्रथम दृष्टया युवक की मौत बाघ के हमले में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दक्षिण खीरी वन प्रभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिस स्थान पर नर कंकाल मिला है, वहां बाघ के पगचिह्न (पगमार्क) नहीं मिले हैं। ऐसे में मौत के कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही दक्षिण खीरी के प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) तापस मिहिर भी मौके के लिए रवाना हो गए। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
फिलहाल, घटना के कारणों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। #Facebookviralreels #followers #highlights