
*सीआईए रतिया ने गांजा तस्करी मामले में मुख्य सप्लायर सहित दो आरोपियों को किया काबू*
*– 1 किलो 209 ग्राम गांजा व ई-रिक्शा बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई*
फतेहाबाद, 16 जुलाई। सीआईए रतिया पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए अशोक नगर, फतेहाबाद निवासी जयवीर कुमार उर्फ बिच्छू पुत्र हरीराम, हाल निवासी सन्यास आश्रम रोड, फतेहाबाद तथा गांव आहरवां निवासी प्रभजोत उर्फ जोटू पुत्र परमजीत, हाल निवासी हरनाम सिंह कॉलोनी, फतेहाबाद को काबू किया है। प्रभजोत उर्फ जोटू इस मामले का मुख्य सप्लायर है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सीआईए रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि 15 जुलाई को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सन्यास आश्रम रोड, फतेहाबाद स्थित जयवीर कुमार के किराये के मकान पर दबिश दी। नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत जयवीर कुमार के ई-रिक्शा की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 209 ग्राम गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया गया। इस संबंध में अभियोग संख्या 308, दिनांक 15.07.2026, धारा 20(b)/61/85 एनडीपीएस एक्ट, थाना शहर फतेहाबाद के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायर के रूप में प्रभजोत उर्फ जोटू की संलिप्तता सामने आई। इसके आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे भी काबू कर लिया। मामले की जांच जारी है तथा आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशा तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता का भी पता लगाया जा रहा है।