
प्रेस विज्ञप्ति
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी के तत्वावधान में आज नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट (चेक बाउंस) से संबंधित मामलों के निष्पादन हेतु विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले भर में कुल पाँच बेंचों का गठन किया गया, जिनमें तीन बेंच मोतिहारी, एक ढाका तथा एक अरेराज में स्थापित की गई।
मोतिहारी स्थित तीन बेंचों में क्रमशः श्रीमती शैला शुक्ला, एसीजेएम-5; श्रीमती कुमारी रिंकू, न्यायिक दंडाधिकारी तथा श्रीमती कंचन प्रभा, एसडीजेएम, रक्सौल को पीठासीन पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया। वहीं, अरेराज बेंच के लिए श्री उपेंद्र साह तथा ढाका बेंच के लिए श्री विवेक कुमार मिश्रा को पीठासीन पदाधिकारी बनाया गया।
विशेष लोक अदालत की बेंच संख्या-1 में 24,बेंच संख्या-2 में 41, बेंच संख्या-3 में 06, बेंच संख्या-4 में 07 तथा बेंच संख्या-5 में 03 वादों का निष्पादन किया गया। इस प्रकार कुल 81 मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर सफलतापूर्वक निपटारा किया गया।
माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी श्री अभिषेक कुमार दास एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मोतिहारी श्री नितिन त्रिपाठी द्वारा सभी बेंचों का भ्रमण कर वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को अधिक से अधिक मामलों के सौहार्दपूर्ण निष्पादन हेतु प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने कहा कि विशेष लोक अदालत के माध्यम से वादकारियों को त्वरित, सुलभ एवं कम खर्चीला न्याय उपलब्ध हो रहा है, जिससे समय एवं संसाधनों की भी बचत हो रही है।
आज की विशेष लोक अदालत में कई ऐसे मामले भी सामने आए, जिन्होंने मानवता एवं सामाजिक संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। श्रीमती कुमारी रिंकू, न्यायिक दंडाधिकारी की बेंच में दो मामलों में वादकारियों ने विपक्षी पक्ष की मृत्यु एवं उनकी आर्थिक स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए चेक की राशि को माफ कर दिया। इस मानवीय पहल ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया तथा यह संदेश दिया कि न्याय के साथ-साथ संवेदनशीलता भी समाज को सशक्त बनाती है।
इसके अतिरिक्त, एसीजेएम-12 श्री अविनाश कुमार के न्यायालय से संबंधित लगभग 18 लाख रुपये के चेक बाउंस वाद का भी विशेष लोक अदालत के माध्यम से सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया, जो इस आयोजन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
विशेष लोक अदालत के सफल संचालन हेतु बेंचों में गैर-न्यायिक सदस्य के रूप में श्री भीष्म कुमार, श्री मुक्तिनाथ शर्मा, श्री रविनंदन शर्मा, श्री अभय कुमार तथा श्री राजाराम को प्रतिनियुक्त किया गया था। इसके अतिरिक्त न्यायालय कर्मियों में श्री अभिजीत कुमार, श्री राजेश कुमार प्रसाद, श्री अजय कुमार, श्री राजप्रकाश, श्री मुकेश कुमार, श्री कृष्णकांत कुमार एवं श्री दीपक कुमार ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज की विशेष लोक अदालत में 10 साल से पुराने 10 से ज्यादा मामले निपटाए गए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, गैर-न्यायिक सदस्यों एवं न्यायालय कर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए आमजन से अपील की कि वे लोक अदालत के माध्यम से अपने वादों का सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित निष्पादन कर न्याय व्यवस्था को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने में सहयोग करें।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar