
मालवीय नगर अग्निकांड: 21 मौतों का जिम्मेदार कौन? शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी पर उठे बड़े सवाल
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लॉरिश स्टे होटल में हुए भीषण अग्निकांड ने 21 लोगों की जान ले ली, जबकि 37 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जो इलाज के लिए भारत आए थे। लेकिन हादसे के बाद जांच और कार्रवाई को लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
जांच में सामने आया है कि आग ग्राउंड फ्लोर पर चल रहे रेस्टोरेंट के किचन से शुरू हुई और देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई। बताया जा रहा है कि इमारत में केवल एक संकरा एंट्री-एग्जिट रास्ता था, जिसके कारण लोग बाहर नहीं निकल सके। कई लोगों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों से छलांग तक लगा दी।
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार इमारत के पास फायर NOC नहीं थी। एमसीडी सूत्रों का दावा है कि जहां केवल 6 कमरों की अनुमति थी, वहां 20 से 25 कमरे बना दिए गए थे। साथ ही जिस रेस्टोरेंट को केवल चाय-नाश्ते की अनुमति थी, वहां पूरा किचन संचालित किया जा रहा था और लाइसेंस की अवधि भी समाप्त हो चुकी थी।
इसी बीच पुलिस ने होटल से जुड़े शेफ केशव नेगी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया और आम लोगों के बीच एक बड़ा सवाल उठ रहा है—
क्या केवल शेफ ही जिम्मेदार है?
केशव नेगी उत्तराखंड से रोजगार की तलाश में दिल्ली आए थे और रसोई में खाना बनाने का काम करते थे। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि—
क्या बिल्डिंग की वैधता जांचना शेफ की जिम्मेदारी थी?
फायर NOC है या नहीं, यह देखने का दायित्व किसका था?
एक ही एंट्री-एग्जिट होने की अनुमति किसने दी?
अवैध निर्माण और अतिरिक्त कमरों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
रिहायशी क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां किसकी निगरानी में चल रही थीं?
निरीक्षण और नियमों के पालन की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारी कहां थे?
देश जानना चाहता है जवाब
21 निर्दोष लोगों की मौत केवल एक हादसा नहीं, बल्कि व्यवस्था पर गंभीर सवाल है। यदि भवन में अवैध निर्माण, फायर सुरक्षा की कमी और नियमों का खुला उल्लंघन हुआ था, तो क्या जांच केवल सबसे कमजोर कड़ी तक सीमित रहेगी या फिर उन सभी जिम्मेदार लोगों तक भी पहुंचेगी जिनके ऊपर कानून लागू कराने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी थी?
मालवीय नगर अग्निकांड अब केवल आग की घटना नहीं रह गया है, बल्कि जवाबदेही और न्याय का बड़ा सवाल बन चुका है। पीड़ित परिवारों और देश की जनता यह जानना चाहती है कि आखिर इस त्रासदी का वास्तविक जिम्मेदार कौन है और क्या सभी दोषियों पर समान रूप से कार्रवाई होगी?
#DelhiFire #MalviyaNagarFire #KeshavNegi #DelhiPolice #JusticeForVictims