
सेवा संकल्प अभियान के तहत महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं लर्निंग लाइसेंस शिविरो का आयोजन 17 अक्टूबर तक जारी
..
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विदिशा के जिला परिवहन कार्यालय द्वारा जिले के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं लर्निंग लाइसेंस शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान 17 सितंबर से शुरू हुआ है जो 17 अक्टूबर जारी रहेगा। इन शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें वैध लर्निंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया से अवगत कराना और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।
जिला परिवहन अधिकारी श्री गिरिजेश वर्मा ने जिले के महाविद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करें तथा शिविरों में सहभागिता के लिए प्रेरित करें। शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात नियमों के पालन तथा वैध ड्राइविंग दस्तावेज रखने के महत्व की जानकारी दी जाएगी।
ऑनलाइन बनेगा लर्निंग लाइसेंस -
लर्निंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया ऑनलाइन है। मध्यप्रदेश के निवासी आवेदक परिवहन विभाग के ‘सारथी’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पुरुष आवेदकों के लिए दोपहिया अथवा चारपहिया वाहन के लर्निंग लाइसेंस हेतु निर्धारित शुल्क 225 रुपये तथा दोनों श्रेणियों के लिए 425 रुपये निर्धारित है। महिला आवेदकों के लिए लर्निंग लाइसेंस हेतु कोई शुल्क नहीं है। आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ऑनलाइन टेस्ट आयोजित किया जाता है। टेस्ट में कुल 20 प्रश्न होते हैं, जिनमें से कम से कम 12 प्रश्नों के सही उत्तर देने पर आवेदक उत्तीर्ण होता है। टेस्ट में सफल होने के बाद लर्निंग लाइसेंस ऑनलाइन जनरेट हो जाता है।
महाविद्यालय में ही मिलेगी ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा
विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित महाविद्यालयों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में उपलब्ध कंप्यूटर सिस्टम अथवा विद्यार्थियों के स्मार्ट मोबाइल फोन के माध्यम से लर्निंग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन और टेस्ट की प्रक्रिया पूरी कराने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अपने महाविद्यालय में ही लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा मिलेगी।
शिविरों की तिथियां व स्थल -
जिला परिवहन कार्यालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर को शासकीय आईटीआई महाविद्यालय, विदिशा, 3 अक्टूबर को शासकीय आदर्श महाविद्यालय, गंजबासौदा, 5 अक्टूबर को शासकीय महाविद्यालय, नटेरन, 6 अक्टूबर को आर.वी.एस. शासकीय कन्या अग्रणी महाविद्यालय, विदिशा तथा 7 अक्टूबर को शासकीय महाविद्यालय, सिरोंज में शिविर आयोजित होगा।
इसी क्रम में 8 अक्टूबर को शासकीय महाविद्यालय, गुलाबगंज, 9 अक्टूबर को शासकीय एस.एन.एस. महाविद्यालय, गंजबासौदा, 10 अक्टूबर को सुषमा शासकीय महाविद्यालय, गंजबासौदा, 12 अक्टूबर को शासकीय एस.बी.एस. महाविद्यालय, 13 अक्टूबर को शासकीय महाविद्यालय, कुरवाई, 14 अक्टूबर को शासकीय महाविद्यालय, शमशाबाद, 15 अक्टूबर को शासकीय महाविद्यालय, लटेरी, 16 अक्टूबर को एस.एस.एल. जैन महाविद्यालय, विदिशा तथा अभियान के अंतिम दिन 17 अक्टूबर को ए.पी.एस. महाविद्यालय, गंजबासौदा में शिविर आयोजित किया जाएगा।
विद्यार्थियों से आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील -
जिला परिवहन अधिकारी ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे शिविर में अपना आधार कार्ड, जिसमें मोबाइल नंबर अपडेट हो, अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं। विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी प्राप्त करने के साथ वैध लर्निंग लाइसेंस बनवाने का भी आग्रह किया गया है।
परिवहन विभाग ने महाविद्यालय प्रबंधन से कहा है कि शिविरों की जानकारी अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाए और उन्हें इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। विभाग का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को वैध लर्निंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना है।
शिविरों में सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देने के साथ लर्निंग लाइसेंस के ऑनलाइन आवेदन, ऑनलाइन टेस्ट तथा लाइसेंस जनरेट होने की प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया जाएगा। #Vidisha #JansamparkMP