
पलिया में बड़ा हादसा: 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से ट्रक चालक गंभीर रूप से झुलसा
पलिया, लखीमपुर खीरी। पलिया थाना क्षेत्र के निघासन रोड स्थित एक गोदाम पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बड़ा हादसा हो गया। चावल लेकर पहुंचे एक ट्रक चालक का हाथ ट्रक के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन से छू गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, पीलीभीत जनपद के थाना हजारा क्षेत्र के ग्राम पंजाब घाट निवासी प्रिंस पुत्र दलजीत सिंह ट्रक चालक है। वह शुक्रवार सुबह चावल से लदा ट्रक लेकर पलिया के निघासन रोड स्थित एक गोदाम पर पहुंचा था। ट्रक खड़ा करने के बाद वह ऊपर चढ़कर तिरपाल हटाने का काम कर रहा था।
इसी दौरान उसका हाथ ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह ट्रक के ऊपर ही गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल चालक को नीचे उतारकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पलिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना संबंधित विभाग और पुलिस को भी दे दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। #followers #highlights #facebookviralreels