
औरंगाबाद डालचंद में सीडीओ ने किया रोजगार कार्यों का निरीक्षण, मास्टर रोल के सापेक्ष कम मिले श्रमिक
30 के सापेक्ष 25 श्रमिक मिले उपस्थित, समय से मजदूरी भुगतान और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश
झींझक/कानपुर देहात, 13 अक्टूबर। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने मंगलवार को विशेष रोजगार सृजन दिवस के अवसर पर विकासखंड झींझक की ग्राम पंचायत औरंगाबाद डालचंद में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी रामजी) के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मास्टर रोल के सापेक्ष श्रमिकों की कम उपस्थिति मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय ग्राम पंचायत में जुड़ा तालाब से अर्जुनपुरवा तक नाला खुदाई एवं सफाई का कार्य चल रहा था। इसके लिए 30 श्रमिकों का मास्टर रोल जनरेट किया गया था, जबकि मौके पर 25 श्रमिक उपस्थित मिले। इनमें 24 पुरुष और एक महिला श्रमिक शामिल थीं। कार्य की प्राक्कलन धनराशि 85 हजार रुपये है तथा इसके तहत 700 मीटर नाले की खुदाई एवं सफाई कराई जानी प्रस्तावित है।
मुख्य विकास अधिकारी ने श्रमिकों से कार्य और मजदूरी भुगतान के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनरेट मास्टर रोल के सापेक्ष श्रमिकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए और मजदूरी का भुगतान समय से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने श्रमिकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया और फल वितरित किए। साथ ही उन्हें वीबी-जी रामजी योजना के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया।