
बहराइच में विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर 23 अक्टूबर को शराब की सभी दुकानें बंद, सुबह 10 से रात 10 बजे तक रहेगा 'ड्राई डे'
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। चुनाव के मद्देनजर जनपद बहराइच में कल यानी 23 अक्टूबर को शुष्क दिवस यानी 'ड्राई डे' घोषित किया गया है। इस दौरान जिले में शराब की सभी दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 23 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से लेकर रात 10 बजे तक जनपद की सभी देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर, मॉडल शॉप, बार, भांग और स्प्रिट की थोक एवं फुटकर दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। इस तयशुदा अवधि में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित दुकानदारों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। जिला आबकारी अधिकारी, पुलिस और आबकारी विभाग को इस दौरान प्रभावी निगरानी रखने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बंदी की इस अवधि के लिए दुकानदारों को किसी भी प्रकार का प्रतिफल या क्षतिपूर्ति नहीं दी जाएगी।
यदि कोई भी व्यक्ति या दुकानदार इस आदेश का उल्लंघन करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम और संबंधित नियमों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।