
राजेश कुमार पाण्डेय ने बहराइच के नए जिलाधिकारी के रूप में पदभार संभाला; कृषि, बाढ़ नियंत्रण और युवा विकास को बताई मुख्य प्राथमिकता
बहराइच के नवागत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शनिवार को कोषागार पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के तुरंत बाद डीएम ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रशासनिक और विकास कार्यों की समीक्षा की।
इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों से औपचारिक वार्ता करते हुए नवागत जिलाधिकारी ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना और आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
बहराइच को कृषि प्रधान जिला बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां कृषि सुधार की अपार संभावनाएं हैं। इसके लिए किसानों और संबंधित अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।
जनपद में बाढ़ और कटान की समस्या से निपटने के लिए अधिकारियों के साथ रणनीति तैयार कर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ-साथ जिले के युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
अधिकारियों को टीम भावना, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे और नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।