
जीविका एवं पंजाब नेशनल बैंक के पदाधिकारियों की समन्वय बैठक का आयोजन
गया, 01 अगस्त 2026 को पंजाब नेशनल बैंक द्वारा जीविका पदाधिकारियों के साथ गया जिले के होटल घराना ट्री में वित्तीय समावेशन अंतर्गत समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंक एवं जीविका के पदाधिकारियों ने भाग लिया और महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक सशक्तिकरण हेतु ऋण सुविधा को और अधिक सुलभ बनाने पर बल दिया।
बैठक में पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख श्री चैता पांडा ने शाखा प्रबंधकों से कहा कि जीविका दीदियों को जीविकोपार्जन गतिविधियों के लिए ऋण की कमी न हो, इसके लिए अग्रेतर ऋण सुविधा को बढ़ाया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में शाखा स्तर पर ठोस प्रयास किए जाएं।
जिला परियोजना प्रबंधक ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से दीदियों को सूक्ष्म ऋण आसानी से उपलब्ध हो जाता है, परंतु जिन दीदियों को अपने व्यवसाय को विस्तार देने हेतु अधिक व्यक्तिगत ऋण की आवश्यकता है, उन्हें यह सुविधा समय पर उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में यह सहमति बनी कि व्यक्तिगत वित्तपोषण को प्राथमिकता देते हुए दीदियों के व्यवसायिक विकास में सहयोग किया जाएगा।
प्रबंधक सूक्ष्म वित्त ब्रजेश कुमार ने बताया कि वित्तीय समावेशन एवं महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक सशक्तिकरण से सम्बंधित योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। शाखावार व्यक्तिगत वित्तपोषण मामलों की समीक्षा की गई तथा फील्ड विजिट, स्वीकृति एवं ऋण वितरण की समय-सीमा क्रमशः 05, 15 एवं 22 अगस्त 2026 निर्धारित की गई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी पात्र स्वयं सहायता समूह सदस्यों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत बीमा कवरेज सुनिश्चित किया जाएगा। इसी प्रकार बचत खाता एवं प्रथम सीसीएल दस्तावेज़ीकरण का कार्य 07 अगस्त तक पूर्ण कर लिया जाएगा तथा 14 अगस्त तक सभी पात्र खातों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक शाखा को जीविका सवयं सहयता के खतों का क्रेडिट लिंकेज ऋण वितरण लक्ष्य निर्धारित किया गया। शाखा स्तरीय सीएम बैठकें 02 से 06 अगस्त 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। यह भी तय किया गया कि अगस्त माह के दौरान प्रत्येक स्वयं सहायता समूह से कम-से-कम एक व्यक्तिगत वित्तपोषण का मामला सुनिश्चित किया जाएगा। सभी लंबित एनपीए एवं पीएनपीए खातों का शीघ्र समाधान किया जाएगा। लंबित मृत्यु दावा मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा। नए सीएसपी केंद्रों की स्थापना हेतु प्रस्ताव पीएनबी के सक्षम प्राधिकारियों को भेजे जाएंगे। प्रत्येक शाखा से 50 उच्च डोज आवेदन तैयार कर 16 अगस्त 2026 तक जमा कराए जाएंगे। सभी लंबित सीआईसी का 07 अगस्त 2026 तक शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
सभी अधिकारियों कहा गया कि उपर्युक्त कार्यों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें तथा नियमित अनुश्रवण के माध्यम से लक्ष्यों की प्राप्ति करें। इस बैठक में डीपीएम, जीविका, सर्किल हेड, पीएनबी, एलडीएम गया, प्रबंधक सूक्ष्म वित्त, मुख्य प्रबंधक, पीएनबी सहित संबंधित प्रखंड परियोजना प्रबंधक, एफआई नोडल, शाखा प्रबंधक, तथा जिला एफआई नोडल संतोष कुमार उपस्थित रहे।
Gaya, Bihar | Aug 3, 2026