
रामपुर कॉलेज में सात दिवसीय छात्र जागरूकता एवं सुविधा कार्यशाला का समापन
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर में कॉलेज छात्रवृत्ति समिति की ओर से आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल संबंधी विद्यार्थी जागरूकता एवं सुविधा कार्यशाला का बुधवार को समापन हुआ। कार्यशाला 19 से 26 अगस्त तक आयोजित की गई।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर अनिल कश्यप ने किया। इस दौरान डॉ. योजना ठाकुर ने सात दिवसीय कार्यशाला की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विभिन्न गतिविधियों, विद्यार्थियों की सहभागिता और उन्हें दिए गए मार्गदर्शन की जानकारी दी।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR), पात्रता मानदंड, आवश्यक दस्तावेजों और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए छात्रवृत्ति आवेदन से जुड़ी अपनी शंकाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने छात्रवृत्ति समिति के सदस्यों और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कार्यशाला के सफल आयोजन पर बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी तरह जागरूक और सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में छात्रवृत्ति समिति के संयोजक डॉ. गोपी चंद नेगी ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यशाला को सफल बनाने में प्राचार्य, उपप्राचार्य, वरिष्ठ संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों और छात्रवृत्ति समिति के सभी सदस्यों के सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देकर उन्हें सुविधा एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
Ani, Kullu | Aug 26, 2026