
जिला जेल फरीदाबाद में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस*
फरीदाबाद, 21 जून A2z न्यूज़ update, आप की आवाज़ जिला जेल फरीदाबाद में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह एवं अनुशासन के साथ किया गया। इस अवसर पर जेल में निरुद्ध पुरुष एवं महिला बंदियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन आर्ट ऑफ लिविंग संस्था, फरीदाबाद के सहयोग से किया गया। पुरुष बंदियों को योग प्रशिक्षक श्यामसुंदर कटारिया, मनोज गुप्ता एवं हरेंद्र भाटिया ने योगाभ्यास करवाया, जबकि महिला बंदियों के लिए हेमा शर्मा, पद्मा कटारिया एवं अनीता भाटिया द्वारा विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। महिला वार्ड में अलग से योगाभ्यास की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी महिला बंदियों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि योग शिक्षक एवं आहार विशेषज्ञ राजेश भाटी रहे। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर के सभी अंगों का समुचित व्यायाम होता है तथा व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से संतुलित रहता है। उन्होंने कहा कि योग केवल रोगों से बचाव का माध्यम नहीं, बल्कि यह व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने जेल स्टाफ एवं बंदियों को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित किया।
योग सत्र के उपरांत अधिवक्ता एवं मिमिक्री कलाकार अमित गुप्ता ने देशभक्ति गीतों तथा हास्य-व्यंग्य एवं मिमिक्री से संबंधित प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित बंदियों का मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुतियों को बंदियों ने सराहा और कार्यक्रम का आनंद लिया।
इस अवसर पर आयुष विभाग, फरीदाबाद से योगाचार्य अभिषेक शर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने योग के नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों की जानकारी देते हुए बंदियों को दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला जेल अधीक्षक नरेश कुमार गोयल ने सभी अतिथियों, योग प्रशिक्षकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है तथा ऐसे कार्यक्रम बंदियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर जेल प्रशासन की ओर से उप-अधीक्षक सुमित पंवार, उप-अधीक्षक अमित, सहायक अधीक्षक उमेश कुमार, योग नोडल अधिकारी, सहायक अधीक्षक मोहनलाल, महिला हेडवार्डर सरिता, हेडवार्डर दिनेश कुमार, मदनलाल, नगेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।