
पत्नी को प्रेमी के साथ पकड़ा, तुरंत शादी करवाई: झांसी में पति ने प्रेमी को कपड़े तक नहीं पहनने दिए, मांग भरवाकर वरमाला पहनवाई
झांसी में पत्नी को प्रेमी के साथ पकड़ने के बाद पति ने दोनों की तुरंत शादी करा दी। पति ने प्रेमी को कपड़े पहनने तक का मौका नहीं दिया। प्रेमी से पत्नी की मांग में सिंदूर भरवाया। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। पत्नी ने प्रेमी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
मामला जिला मुख्यालय से 28 किमी दूर चिरगांव थाना क्षेत्र का है। 23 अगस्त को पति ने पत्नी और उसके प्रेमी को कमरे में पकड़ा था। दोनों की शादी का वीडियो गुरुवार को सामने आया।
पति के मुताबिक, उसकी शादी जून 2026 में हुई थी। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पत्नी उसे नींद की गोलियां देती थी। उसके सोने के बाद वह प्रेमी से मोबाइल पर बात करती थी।
तालाबपुरा मोहल्ला में रहने वाले राजेश प्रजापति ने बताया-मेरी शादी 24 जून को दतिया के भांडेर क्षेत्र की अभिलाषा से हुई थी। शादी के करीब एक महीने बाद पत्नी के व्यवहार पर शक होने लगा। पत्नी मुझे नींद की गोलियां देती थी। सोने के बाद प्रेमी से मोबाइल पर बात करती थी।
राजेश का आरोप है कि 19 अगस्त को घर के जेवर भी गायब हो गए। उसने पत्नी से पूछताछ की, लेकिन वह कोई जवाब नहीं दे सकी। बाद में उसे पता चला कि पत्नी ने कुछ जेवर अपने प्रेमी को दे दिए थे।
मामा का एक्सीडेंट हुआ, घर पहुंचा तो खुला राज
राजेश ने बताया कि 23 अगस्त को उसके मामा का एक्सीडेंट हो गया था। वह पत्नी को घर पर छोड़कर झांसी मेडिकल कॉलेज गया। दोपहर करीब 2 बजे लौटने पर घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। शक होने पर वह छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ।
पत्नी और प्रेमी कमरे में मिले। उसने दोनों के फोटो-वीडियो बना लिए। इसी दौरान दोनों ने उसे देख लिया। पकड़कर धक्का दे दिया। वह किसी तरह खुद को छुड़ाकर बाहर आया और शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे लोगों ने फूल और सिंदूर मंगवाया। दोनों की शादी करा दी। पुलिस दोनों को थाने ले गई। पति का आरोप है कि प्रेमी के खिलाफ सिर्फ शांतिभंग की कार्रवाई की।जबकि उसकी पत्नी को भी छोड़ दिया।