
भूमिहीनों को पांच डिसमिल जमीन देने की मांग, भाकपा (माले) का मझौलिया में प्रदर्शन
मझौलिया। भाकपा (माले) रेड फ्लैग की मझौलिया अंचल कमेटी के बैनर तले बुधवार को दोपहर करीब तीन बजे सात सूत्री मांगों को लेकर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शिव मंदिर परिसर से अंचल कार्यालय तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। भिखम राम की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सचिव रवीन्द्र कुमार 'रवि' ने कहा कि बेतिया राज और सीलिंग से फाजिल जमीन पर भूमिहीनों एवं गरीबों को वासगीत का अधिकार दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बुल्डोजर कार्रवाई से गरीब और दलित परिवार प्रभावित हो रहे हैं तथा सरकार को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि बुल्डोजर राज के विरोध में 20 अगस्त को विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन को बढ़ाकर प्रतिमाह पांच हजार रुपये करने, नरकटियागंज, सुगौली, रक्सौल और मोतिहारी से पटना के लिए अतिरिक्त 10 जोड़ी ट्रेनों के परिचालन सहित अन्य मांगें उठाईं। प्रदर्शन के बाद सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अंचलाधिकारी को सौंपते हुए मझौलिया अंचल के 357 भूमिहीन परिवारों को शीघ्र पांच डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने की मांग की।