
मालाराम विश्नोई निकला 5 करोड़ की अफीम का तस्कर, सीबीएन ने क्रेटा से बरामद की खेप
दौसा। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच की विशेष टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड नंबर की हुंडई क्रेटा कार से 115.160 किलोग्राम अफीम बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 5 करोड़ रुपए आंकी गई है। मामले में फलोदी निवासी मालाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया गया है।
सीबीएन को सूचना मिली थी कि गुवाहाटी से जोधपुर के लिए अवैध मादक पदार्थ की खेप भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर 19 जून को संदिग्ध वाहन की ट्रैकिंग शुरू की गई। विशेष टीम ने करीब 2000 किलोमीटर तक निगरानी करने के बाद 20 जून की सुबह दौसा जिले के सिकंदरा टोल प्लाजा के पास आगरा-जयपुर हाईवे पर कार को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की में तीन बोरों में छिपाकर रखे गए 109 पैकेटों से कुल 115.160 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। तस्करों ने मादक पदार्थ की गंध छिपाने के लिए वाहन के भीतर बड़ी मात्रा में इत्र और परफ्यूम का छिड़काव किया था।
सीबीएन ने अफीम और कार को जब्त कर मालाराम विश्नोई को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी को दौसा स्थित एनआई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। एजेंसी अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूरे रूट की जांच में जुटी है।
यह कार्रवाई उप नारकोटिक्स आयुक्त निखिल गांधी एवं विपिन कुमार के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। टीम में निरीक्षक परिक्षित चौधरी, उप निरीक्षक मोहित यादव सहित अन्य अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।