
शाहनगर। पन्ना जिले के शाहनगर में मंगलवार की रात एक बेहद रोचक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। करीब 15 दिन पहले जिस नागिन ने एक मासूम बच्चे को डस लिया था, वही नागिन एक बार फिर उसी घर में दिखाई दी। सूचना मिलते ही सर्प मित्र मोनू सोनी मौके पर पहुंचे और करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद नागिन को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार शाहनगर निवासी सुखचैन साहू के घर में मंगलवार रात्रि लगभग 9 बजे एक विषैले सर्प के दिखाई देने से हड़कंप मच गया। परिवार के लोगों ने जब सर्प को देखा तो उन्हें 15 दिन पहले हुई घटना याद आ गई, जब इसी घर के एक बच्चे को सर्प ने डस लिया था। उस समय बच्चे की हालत गंभीर हो गई थी और तत्काल सर्प मित्र मोनू सोनी की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया था। परिजनों के अनुसार बच्चे को इलाज के दौरान करीब दो दिन बाद होश आया था।
मंगलवार की रात फिर से उसी स्थान पर सर्प दिखाई देने के बाद परिवार में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सर्प मित्र मोनू सोनी मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू शुरू किया। नागिन घर के आसपास बने सुरक्षित स्थानों में छिपी हुई थी, जिससे उसे पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग दो घंटे तक चले प्रयासों के बाद रात 11 बजे नागिन को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
मोनू सोनी ने बताया कि सर्पों को मारना नहीं चाहिए, बल्कि विशेषज्ञों की मदद से उनका सुरक्षित रेस्क्यू कराया जाना चाहिए। रेस्क्यू के बाद नागिन को प्राकृतिक आवास वाले जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया, जिससे मानव और वन्यजीव दोनों सुरक्षित रह सकें।
वन विभाग के अधिकारियों के निर्देशों के तहत क्षेत्र में लगातार सर्प संरक्षण एवं रेस्क्यू कार्य किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और सर्प मित्र मोनू सोनी के साहस एवं तत्परता की सराहना की।
#Shahnagar #PannaNews #SnakeRescue #NaginRescue #MonuSoni #WildlifeConservation #Panna #MadhyaPradesh #BreakingNews #ViralNews #SnakeCatcher #ForestDepartment #RescueOperation