
*परिधान एवं कपड़े की दुकानों पर विधिक माप विज्ञान विभाग की आकस्मिक जांच*
नगर:12 अक्टूबर, डीग। उपभोक्ता मामले विभाग, जयपुर के निर्देशानुसार विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा वस्त्र एवं कपड़े की दुकानों पर डिब्बा बंद परिधानों की बिक्री में विधिक माप विज्ञान के प्रावधानों के अनुपालन को लेकर डीग में आकस्मिक जांच अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत शहर के प्रमुख प्रतिष्ठानों - भाई भाई कलेक्शन, रिद्धि सिद्धि, मनोज कलेक्शन आदि का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वस्त्रों के पैकेट पर निर्धारित घोषणाओं, विक्रय मूल्य एवं अन्य आवश्यक विधिक माप विज्ञान संबंधी प्रावधानों की जांच की गई। जांच के दौरान सभी प्रतिष्ठानों पर विभागीय निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं एवं निरीक्षण किए गए उत्पादों का विक्रय मूल्य निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक नहीं पाया गया। विधिक माप विज्ञान अधिकारी समीक्षा भटनागर ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा एवं बाजार में निर्धारित मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की आकस्मिक जांच लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भी पैकबंद वस्तुओं की जांच की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।