
श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर व फोरलेन की मांग को लेकर आज बड़ा प्रदर्शन
बीकानेर।श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर की स्थापना और सीकर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन बनाने की मांग को लेकर आज (5 अगस्त) उपखंड मुख्यालय पर बड़ा जनआंदोलन होगा। कांग्रेसी नेता हरिराम बाना के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में कस्बे सहित क्षेत्र के सौ से अधिक गांवों से ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना है। आंदोलन को पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों का समर्थन मिला है।
ट्रॉमा सेंटर की मांग को लेकर क्षेत्र में पिछले करीब 670 दिनों से धरना जारी है। आंदोलन से पहले हरिराम बाना ने गांव-गांव जाकर लोगों से जनहित के इस अभियान में शामिल होने की अपील की।
इस बीच, सामाजिक संस्था आपणो गांव सेवा समिति ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। संस्था अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित ने कहा कि लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं में समय पर उपचार नहीं मिलने से लोगों की जान जा रही है, इसलिए ट्रॉमा सेंटर की स्थापना अब क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत बन गई है।
समिति की बैठक में एम्बुलेंस सेवा और राजकीय अस्पताल से जुड़े सेवादारों के अनुभवों पर भी चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ट्रॉमा सेंटर और फोरलेन सड़क की मांग पूरी तरह जनहित से जुड़ा गैर-राजनीतिक मुद्दा है, इसलिए समिति आंदोलन में सक्रिय भागीदारी करेगी।