
रक्तदान की एक बूंद, किसी के जीवन की उम्मीद
17 सितंबर को जिला चिकित्सालय छतरपुर एवं नौगांव में विशाल रक्तदान शिविर
---
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर 2026 को जिले में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित होगा। जिला चिकित्सालय छतरपुर में शिविर प्रातः 10 बजे से तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नौगांव में दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.पी. गुप्ता ने जिलेवासियों से स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंदों का जीवन बचाने की अपील की है।
सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया ने बताया कि अभियान के दौरान 20 ऐसी गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जाएगा, जिनका हीमोग्लोबिन 7 ग्राम से कम है और प्रसव के दौरान रक्त की आवश्यकता संभावित है।
रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न संस्थाओं द्वारा सुविधानुसार सामूहिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में भी शिविर लगाए जाएंगे। इस दौरान स्वास्थ्य जांच, योग-ध्यान, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, अंगदान संकल्प, नशामुक्ति तथा पोषण एवं एनीमिया जागरूकता जैसी गतिविधियां भी होंगी।
सीएमएचओ ने बताया कि 18 से 60 वर्ष की आयु के स्वस्थ पात्र व्यक्ति सामान्यतः रक्तदान कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से 17 सितंबर को आयोजित शिविरों में पहुंचकर रक्तदान करने तथा इच्छुक नागरिकों से मृत्यु के उपरांत अंगदान का संकल्प लेने की अपील की।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #AshirwadKaDiya #chhatarpur