फखरपुर में पर्यावरण, जल संरक्षण व नशा उन्मूलन चौपाल आयोजित
नशा मुक्त समाज और पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुट होने का आह्वान
बहराइच के रामलीला मैदान फखरपुर स्थित हेमराज बाबा आश्रम में महामना मालवीय मिशन (अवध) व अन्य संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में 'पर्यावरण, जल संरक्षण व नशा उन्मूलन चौपाल' का आयोजन हुआ।
क्षेत्राधिकारी कैसरगंज डी.के. श्रीवास्तव ने कहा कि अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पूरे समाज को आगे आना होगा। साथ ही पर्यावरण संतुलन के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना आवश्यक है।
वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र सिंह ने रासायनिक खेती छोड़कर प्राकृतिक व गौवंश आधारित कृषि अपनाने पर जोर दिया। वहीं डॉ. प्रियंका सिंह ने घरों में पोषण वाटिका बनाने और 'किसान सारथी ऐप' से जुड़ने की सलाह दी।
मालवीय मिशन के अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि तराई क्षेत्र में पर्यावरण सुधार के लिए पंचवटी व हरिशंकरी पौधों का रोपण किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में लोगों को पौधे वितरित कर नशा मुक्ति व जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
।