
हरदोई में शारदा नहर से लापता युवक का शव बरामद, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
हरदोई। जिले के थाना सांडी क्षेत्र के ग्राम खुटाना के पास शारदा नहर में शनिवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची सांडी पुलिस ने शव की पहचान ब्रजेश द्विवेदी पुत्र स्वर्गीय अनंत राम निवासी मोहल्ला हरदेवगंज, थाना कोतवाली शहर, जनपद हरदोई के रूप में की।
पुलिस ने नियमानुसार पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी बबीता ने 9 जुलाई 2026 को थाना लोनार में तहरीर देकर बताया था कि उनके पति ब्रजेश द्विवेदी 8 जुलाई 2026 से लापता हैं। उन्होंने यह भी बताया था कि 9 जुलाई की सुबह उनकी बाइक सोहरा पुल के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली थी।
इस मामले में थाना लोनार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी। अब शव मिलने के बाद पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से विवेचना कर रही है।
क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Bilgram, Hardoi | Jul 11, 2026