
15 वर्षीय किशोरी के लापता होने पर एसएसपी से गुहार, बारादरी पुलिस पर लापरवाही का आरोप
#बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र से 24 सितंबर को लापता हुई 15 वर्षीय किशोरी की बरामदगी न होने पर उसकी मां ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता की मां संतोष पत्नी स्व. पूजनकांत उर्फ बाले, निवासी ईटपचाया चौराहा माधोबाड़ी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी मंनत उर्फ आनंदी को जसन पुत्र राजेंद्र उर्फ पप्पू बहला-फुसलाकर ले गया है।
शिकायत के अनुसार, किशोरी 24 सितंबर की शाम करीब छह बजे से लापता है। मामले में थाना बारादरी में धारा 137(2) के तहत एफआईआर संख्या 1210 दर्ज की गई थी। किशोरी की मां का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को जसन, उसके पिता, भाई और अन्य परिजनों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए, लेकिन अभी तक बेटी की बरामदगी नहीं हो सकी है।
संतोष का आरोप है कि पुलिस आरोपितों के संभावित ठिकानों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बार-बार थाने बुलाकर बैठा रही है। उन्होंने बताया कि जसन के ननिहाल पक्ष के लोग पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के नकासा मोहल्ले में रहते हैं, लेकिन पुलिस वहां जाकर भी तलाश नहीं कर रही है। इससे उन्हें बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।
पीड़िता की मां ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से आरोपितों के मोबाइल नंबरों की तकनीकी निगरानी कराकर किशोरी को जल्द बरामद कराने, मामले में आवश्यक धाराएं बढ़ाकर आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पुलिस की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने खुद को गरीब और असहाय महिला बताते हुए बेटी की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई है।
Bareilly news Live #Bareilly #police