
#बालाघाट
डायरिया रोको अभियान के तहत पांच गांवों में हैंडपंपों का सुधार, पेयजल स्रोतों का किया गया क्लोरीनीकरण
बालाघाट जिले में संचालित डायरिया रोको अभियान के तहत सोमवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) द्वारा लालबर्रा, लांजी एवं किरनापुर विकासखंड के ग्राम धपेरा, सिर्रा, बड़गांव, साडरा एवं सेवती में पेयजल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पीएचई विभाग की टीम ने गांवों का भ्रमण कर खराब पड़े हैंडपंपों का सुधार कार्य कराया, जिससे ग्रामीणों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही सुधारे गए हैंडपंपों सहित गांव के सभी हैंडपंपों में जर्मेक्स डालकर क्लोरीनीकरण किया गया, ताकि पानी में मौजूद हानिकारक जीवाणुओं का नाश हो सके और जलजनित बीमारियों, विशेषकर डायरिया, के फैलने की आशंका को कम किया जा सके।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि वर्षा ऋतु में जल स्रोतों के दूषित होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में पेयजल स्रोतों का नियमित क्लोरीनीकरण एवं रखरखाव आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिले में डायरिया रोको अभियान के अंतर्गत लगातार गांव-गांव पहुंचकर पेयजल स्रोतों को सुरक्षित बनाया जा रहा है।
इस अवसर पर विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि वे हमेशा पानी को छानकर एवं ढककर रखें, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करें तथा डायरिया के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minphemp #healthminmp