
गुड मॉर्निंग देवरिया अभियान में पार्कों से स्कूलों तक पुलिस की निगरानी
#देवरिया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में आमजन की सुरक्षा और महिला-बालिका सुरक्षा को लेकर जिलेभर में “गुड मॉर्निंग देवरिया” और एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सुबह के समय पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास पुलिस की विशेष सतर्कता रही।
पुलिस टीमों ने पार्कों और सड़कों पर मॉर्निंग वॉक कर रहे महिला-पुरुषों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। पुलिसकर्मियों ने नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। बुजुर्गों से भी आत्मीय संवाद कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली गई।
अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की गई। सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी गई और नियमानुसार कार्रवाई की गई।
वहीं, एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के आसपास बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। बालिकाओं को 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा समेत महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग करना नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच संवाद बढ़ाकर महिलाओं, बालिकाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है। एसपी के निर्देशन में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Barhaj, Deoria | Aug 22, 2026