जर्जर विद्यालय की दीवार गिरी, बाल-बाल बचीं छात्राएं और शिक्षक
सीधी जिले के शासकीय गुरुकुल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेमरिया में बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे जर्जर भवन की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय विद्यालय में कक्षाएं संचालित हो रही थीं और छात्राएं व शिक्षक मौजूद थे। दीवार गिरने की आहट मिलते ही सभी तत्काल बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
लगातार बारिश के कारण पहले से कमजोर भवन की दीवारों में नमी बढ़ गई थी। विद्यालय में केजी-1 से 12वीं तक छात्राएं अध्ययनरत हैं। प्राचार्य हनुमान प्रसाद मिश्र ने जिला कलेक्टर से विद्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। वहीं शुक्रवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने जर्जर भवन में छात्राओं की कक्षाएं संचालित किए जाने पर चिंता जताई है।