
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ-2026 के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता रथ रवाना
ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों की दी जाएगी जानकारी
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं किसानों को योजना के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएगा तथा अधिकाधिक किसानों को फसल बीमा से जोड़ने के लिए प्रेरित करेगा।
जागरूकता रथ को उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री अनंत बिहारी सड़ैया एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री राकेश गुर्जर के मार्गदर्शन में रवाना किया गया। रथ के माध्यम से किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ-2026 की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवेदन की अंतिम तिथि, आवश्यक दस्तावेजों तथा योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल परिस्थितियों से फसल क्षति की स्थिति में बीमा सुरक्षा के महत्व से भी किसानों को अवगत कराया जाएगा।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अपना फसल बीमा अवश्य कराएं, ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में उप संचालक कृषि कार्यालय का समस्त स्टाफ तथा एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी (एआईसी) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh